बिलासपुर शहर के गोकुल नगर क्षेत्र में, जहाँ नगर की अधिकांश डेयरियाँ स्थानांतरित की गई हैं, वर्तमान में एफ.एम.डी. (Foot and Mouth Disease) रोग का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। इसके अतिरिक्त शहर के अन्य क्षेत्रों में भी रोग फैलने की प्रबल संभावना बनी हुई है।
यह भी संज्ञान में आया है कि कुछ पशु व्यापारी अन्य राज्यों एवं जिलों से पशुओं को लाकर बिलासपुर शहर में क्रय-विक्रय कर रहे हैं, जिससे संक्रमण के तीव्र प्रसार का खतरा अत्यधिक बढ़ गया है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए केवल गोकुल नगर ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण बिलासपुर शहर में पशुओं की आवाजाही पर नियंत्रण अत्यंत आवश्यक हो गया है।
एफ.एम.डी. एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जो पशुओं के संपर्क, परिवहन, बाजार एवं संक्रमित क्षेत्र से लाए गए पशुओं के माध्यम से तीव्र गति से फैलता है। यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो यह रोग जिले के अन्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भी फैल सकता है, जिससे पशुपालकों को भारी आर्थिक क्षति होगी।
संघ ने निवेदन किया कि जनहित एवं पशुधन संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए निम्नलिखित आदेश पारित करने की कृपा करें—
गोकुल नगर सहित सम्पूर्ण बिलासपुर शहर में बाहरी जिलों/राज्यों से पशुओं के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाए।
शहर में पशु क्रय-विक्रय, पशु हाट एवं परिवहन गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।
संक्रमित एवं संदिग्ध डेयरियों को क्वारंटाइन किया जाए।
उपरोक्त कदम उठाए जाने से एफ.एम.डी. रोग के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा एवं जिले के पशुपालकों को होने वाली आर्थिक क्षति से बचाया जा सकेगा।

