तखतपुर (बिलासपुर)। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर विधानसभा तखतपुर अंतर्गत कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय, जरेली में गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा बिलासपुर के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार राजपूत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अपने उद्बोधन में श्री राजपूत ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष एवं उनके पांच प्रमुख कार्यों—संविधान निर्माण, सामाजिक समानता, शिक्षा का प्रसार, महिला सशक्तिकरण एवं वंचित वर्गों के उत्थान—पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा छात्राओं को इन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्री राजपूत ने छात्राओं के बीच मिष्ठान वितरण कर सभी को अंबेडकर जयंती की हार्दिक बधाइयाँ दीं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर योग, व्यायाम एवं खेलकूद जैसी उत्कृष्ट व्यवस्थाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।

श्री राजपूत ने कहा कि “एक बालिका आवासीय विद्यालय में जिस प्रकार की अनुशासित, सुरक्षित एवं शैक्षणिक व्यवस्था होनी चाहिए, वह यहाँ स्पष्ट रूप से देखने को मिलती है। यह विद्यालय अन्य संस्थानों के लिए भी एक आदर्श प्रस्तुत कर रहा है।”
उन्होंने अधीक्षिका श्रीमती अनुराधा सिंह सहित समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती अनुराधा सिंह ने भी अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का सफल संचालन कु. वर्षा द्विवेदी के साथ कु. पूजा कैवर्त (कंप्यूटर शिक्षिका) एवं कु. दीपा कौशिक (गणित शिक्षिका) द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कर्मचारी श्रीमती कंचन निषाद पूना जायसवाल की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे पूरा वातावरण उत्साह, ऊर्जा एवं प्रेरणा से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

