समाधान शिविर हरदी में 277 आवेदनों पर हुई सुनवाई, हितग्राहियों को मौके पर मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ


बिलासपुर, 14 मई 2026/जिले के तखतपुर ब्लॉक के हरदी में आज जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप के मुख्य आतिथ्य में सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाधान शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये स्टॉलों में पहंुचकर योजनाओं की जानकारी ली। शिविर के माध्यमों से आज कुल 277 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. माधुरी वस्त्रकार, जनपद पंचायत सभापति, जनपद पंचायत सदस्य, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह, सरपंचगण, विभागीय अधिकारी, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप ने कहा कि समाधान शिविर के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही जगह पर मिल रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन की योजनाएं तेजी से आमजन तक पहुंच रही हैं, जिससे लोगों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से हो रहा है। जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. माधुरी वस्त्रकार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शासन द्वारा सुशासन तिहार अंतर्गत शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने शिविर उपस्थित होकर अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने की अपील ग्रामीणों से की। राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार के तहत आमजनों की समस्या की सुनवाई और निराकरण हो रहा है। शिविर में आज 5 हितग्राहियों को राशनकार्ड, 8 को पेंशन स्वीकृति, 12 को मनरेगा जॉब कार्ड, 30 को आयुष्मान कार्ड, 40 को लर्निंग ड्राईविंग लाइसेंस, 70 का बी.पी. एवं शुगर जांच, 30 का सिकल सेल जांच, 80 का स्वास्थ्य परीक्षण, 10 को आवास स्वीकृति एवं 5 समूह को 30 लाख का चेक वितरण, 72 को पट्टा वितरण, शिशुओं का अन्नप्राशन एवं महिलाओं का गोद भराई का कार्यक्रम किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *