भोपाल: राजधानी के मिसरोद थाना इलाके में एक नाबालिग ने अपने दोस्त की 16 वर्षीय बहन के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म कर दिया। साथ ही घटना के बारे में किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया था।
कुछ दिन बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ी तो उसने घटना के बारे में अपनी मां को सब कुछ बताया। मां-बेटी को साथ लेकर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। अपचारी किशोर दसवीं का छात्र है।
मिसरोद थाना पुलिस के मुताबिक मूलत: खंडवा की रहने वाली किशोरी सलैया गांव स्थित एक कॉलोनी में अपनी मां और भाई के साथ रहती है। किशोरी घरेलू काम काज करती है। घर से कुछ दूर पर ही किशोरी के भाई का दोस्त भी रहता है। भाई को दोस्त होने के कारण किशोर का किशोरी के घर आना-जाना था। किशोरी ने शिकायत में पुलिस को बताया कि रक्षाबंधन के दो दिन पहले उसकी मां और भाई घर पर नहीं थे। वह घर में अकेली थी, तभी दोपहर के समय उसके भाई का दोस्त घर में आया। किशोरी को अकेला देखकर उसने कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म कर दिया। इसके बाद किशोरी से कहा कि घटना के बारे में यदि किसी को कुछ बताया तो वह उसे जान से मार देगा। डर के कारण किशोरी ने परिवार में किसी को कुछ नहीं बताया। मंगलवार को किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी, तो मां ने किशोरी से पूछताछ की। तब किशोरी ने घटना के बारे में सब कुछ बताया। इसके बाद मां, बेटी को साथ लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने 17 वर्षीय अपचारी किशोर के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे अभिरक्षा में ले लिया है।
