स्वच्छता एवं पंचायत उन्नति सूचकांक पर दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न


बिलासपुर, 8 जून 2026/कार्यालय क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर में पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए स्वच्छता एवं पंचायत उन्नति सूचकांक विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में स्वच्छ गांव-स्वच्छ जलवायु अभियान, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ग्राम पंचायत विकास योजना तथा पंचायत उन्नति सूचकांक से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता और सतत विकास केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनसहभागिता से ही इनके स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए अपने ग्रामों को स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिला पंचायत के सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने कहा कि पंचायत उन्नति सूचकांक ग्राम पंचायतों के कार्यों का वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, जनभागीदारी और नवाचारों के माध्यम से ग्रामीण विकास के लक्ष्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को स्वच्छता प्रबंधन के नवीन प्रावधानों, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्राम पंचायतों में सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी दी। साथ ही पंचायत विकास योजनाओं के प्रभावी निर्माण, जनभागीदारी बढ़ाने तथा स्वच्छता गतिविधियों को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि पंचायत उन्नति सूचकांक ग्राम पंचायतों के समग्र विकास का आकलन करने का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं निगरानी में सहायता मिलती है। प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा ग्राम स्तर पर बेहतर कार्यान्वयन के लिए सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम में विभिन्न जनपद पंचायतों के प्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, स्वच्छता कर्मी एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों ने अपने-अपने ग्रामों में स्वच्छता एवं सतत विकास गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *