रीना झा के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा दक्षिण मंडल बेलतरा का डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण संपन्न, 60 से अधिक महिलाओं ने लिया प्रशिक्षण


बिलासपुर, 6 जुलाई— भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा दक्षिण मंडल बेलतरा की प्रभारी श्रीमती रीना झा के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत रविवार को पंचायत भवन, सेमरा में मंडल डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती संजीवनी ठाकुर ने की, जबकि प्रशिक्षण का संयोजन श्रीमती दीपा गंधर्व ने किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ना, उन्हें मोबाइल एवं ऑनलाइन माध्यमों के प्रभावी उपयोग की जानकारी देना तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना था। प्रशिक्षण में लगभग 60 से 70 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर डिजिटल लर्निंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सफल एवं जनकल्याणकारी कार्यकाल की उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं को कम तेल एवं ईंधन युक्त पौष्टिक भोजन अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली के महत्व तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के साथ-साथ कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता, भजन-कीर्तन एवं कुर्सी दौड़ जैसी मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में सेमरा की सरपंच श्रीमती अर्चना गोरहा एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती शकुंतला काशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनने, समाज और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की प्रभारी श्रीमती रीना झा ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य महिलाओं को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। डिजिटल युग में तकनीकी ज्ञान समय की आवश्यकता है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से डिजिटल माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग कर स्वयं तथा समाज को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा दक्षिण मंडल बेलतरा की सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह, सीख और संगठनात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *