जनसंपर्क की सभी विधाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती रचना मिश्रा सम्मानित

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

बिलासपुर,15 अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के मंच से जनसंपर्क विभाग बिलासपुर की सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती रचना मिश्रा को जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
श्रीमती रचना मिश्रा ने जनसंपर्क की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विभागीय दायित्वों का प्रभावी निर्वहन किया है। बिलासपुर जिले में माननीय राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री सहित राज्यपाल और मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान समाचारों के त्वरित प्रेषण तथा मीडिया समन्वय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल एवं समन्वय स्थापित करते हुए समाचारों के प्रभावी प्रसारण में योगदान दिया है। राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं जन कल्याणकारी कार्यक्रमों पर आधारित समाचार, सफलता की कहानियों और आलेखों के निर्माण में भी श्रीमती मिश्रा का कार्य उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने योजनाओं के जमीनी प्रभाव और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।
जनसंपर्क की बदलती कार्यशैली के अनुरूप सोशल मीडिया को समाचार संप्रेषण का प्रभावी माध्यम बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी देखरेख एवं मार्गदर्शन में जनसंपर्क विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के फॉलोअर्स की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। श्रीमती रचना मिश्रा को सम्मान मिलने पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, संयुक्त संचालक जनसंपर्क श्री मुनुदाऊ पटेल सहित जिला कार्यालय एवं जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने खुशी व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *