
बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक-6 अंतर्गत वार्ड क्रमांक-43 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, देवरीखुर्द के रहवासियों ने कॉलोनी के एकमात्र खेल मैदान सह पार्क में निर्माण सामग्री डंप किए जाने को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है। कॉलोनीवासियों ने ठेकेदार श्री रवि मजूमदार पर आवासीय परिसर के खेल मैदान में कथित रूप से अवैध तरीके से कंस्ट्रक्शन मटेरियल जमा करने का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से कॉलोनी के एकमात्र ले-आउट सह पार्क में निर्माण सामग्री डंप की जा रही है। रहवासियों का कहना है कि इससे मैदान की स्थिति लगातार खराब हो रही है और बच्चों के खेलने सहित कॉलोनी की विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों पर इसका असर पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि उक्त मैदान करीब 300 आवासों में निवासरत परिवारों के बच्चों के लिए फुटबॉल, क्रिकेट सहित अन्य खेल गतिविधियों का प्रमुख स्थान है। इसके अलावा धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों, जैसे गणपति महोत्सव, दुर्गा महोत्सव तथा अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन भी इसी मैदान में किया जाता है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी कथित तौर पर इसी प्रकार की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिसके कारण पार्क सह मैदान की स्थिति लगातार खराब हुई। रहवासियों के अनुसार, वार्ड के पार्षद श्री सूर्यप्रकाश से भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से कॉलोनीवासियों में नाराजगी बनी हुई है।
गणपति महोत्सव को लेकर बढ़ी चिंता
शिकायत पत्र में कहा गया है कि गणपति महोत्सव का कार्यक्रम नजदीक है। ऐसे में यदि मैदान में निर्माण सामग्री इसी तरह जमा रही तो वहां कार्यक्रम आयोजित करना मुश्किल हो सकता है। रहवासियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
कॉलोनीवासियों ने अधिकारियों से मांग की है कि ठेकेदार द्वारा मैदान में डंप किए गए निर्माण सामग्री को तत्काल हटवाया जाए तथा मैदान की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्था बहाल कराई जाए, ताकि बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए मैदान उपलब्ध हो सके और आगामी धार्मिक एवं सामुदायिक कार्यक्रम भी व्यवस्थित रूप से आयोजित किए जा सकें।
शिकायत की प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संयुक्त संचालक, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी बिलासपुर, नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त, जिला खनिज अधिकारी, जोन क्रमांक-6 के जोन आयुक्त तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के कार्यपालन अभियंता को भी भेजी गई है।
कॉलोनीवासियों ने उम्मीद जताई है कि संबंधित विभाग मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेंगे और यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो मैदान से निर्माण सामग्री हटाने सहित नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


