मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 115 शहरों में किया अटल परिसरों का लोकार्पण

बिलासपुर. 25 दिसम्बर 2025. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर राज्य के 115 शहरों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया। उन्होंने राजधानी रायपुर में अटल एक्सप्रेस-वे में फुंडहर चौक पर स्थापित अटलजी की मूर्ति का अनावरण और अटल परिसर का लोकार्पण किया। उन्होंने इस कार्यक्रम से जुड़े राज्य के 114 अन्य नगरीय निकायों में भी अटल परिसर का वर्चुअल लोकार्पण किया। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब भी अटल परिसरों के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने फुंडहर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम क्षेत्र में 186 करोड़ 98 रुपए लागत के 23 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 185 करोड़ 49 लाख रुपए के 17 कार्यों का भूमिपूजन और एक करोड़ 49 लाख रुपए के छह कार्यों का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा प्रकाशित अटल परिसर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के पांच हितग्राहियों को भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र और पीएम स्वनिधि योजना के पांच महिला हितग्राहियों को 50-50 हजार रुपए के चेक भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अटलजी की 101वीं जयंती पर उनका पुण्य स्मरण करते हुए लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में लोगों को सुशासन दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ छत्तीसगढ़वासियों की ओर से मैं अटलजी को नमन करता हूं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। देश के तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटलजी अजातशत्रु, प्रखर वक्ता, कवि और साहित्यकार थे। विरोधी भी उनका भाषण सुनना पसंद करते थे। मुख्यमंत्री ने अटलजी के कार्यों को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से उन्होंने गांव-गांव तक पक्की सड़कें पहुंचाई और बारहमासी सड़कों से जोड़ा। इससे देश के छह लाख गांवों में विकास के नए रास्ते खुले। किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए किसानों के लिए कृषि ऋण को आसान बनाया। आज करोड़ों किसानों को इसका लाभ मिल रहा है। अटलजी ने आदिम जाति विकास मंत्रालय का गठन कर आदिवासी कल्याण की योजनाओं व कार्यक्रमों को और पुख्ता किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में अटल परिसरों का लोकार्पण हुआ है। इससे पहले 60 जगहों पर अटल परिसरों का लोकार्पण किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता अटलजी की स्मृतियों को चिरस्थायी रखने उनके जन्म शताब्दी वर्ष में सभी नगरीय निकायों में अटल परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति मिली। अटलजी की दूरदृष्टि और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रायपुर में 1023 आवास स्वीकृत किए गए हैं।

विधायक श्री किरण देव ने लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अटलजी ने अपना वादा निभाते हुए छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाया। यहां डबल इंजन की सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने अटलजी के कार्यों को याद करते हुए कहा कि भारत में ‘गुड गवर्नेन्स’ शब्द लोगों ने उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद सुना। वे राजनीतिक शुचिता और पारदर्शिता के प्रतीक थे। विधायक श्री मोतीलाल साहू ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राकृतिक संपदाओं और उपजाऊ धरती से भरपूर है। आर्थिक रूप से पिछड़े इस क्षेत्र की जरूरत को अटलजी ने समझा और हमें नया राज्य सौंपा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इसे आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में रायपुर-ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपए के कार्यों को मंजूरी मिली है।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कार्यक्रम में कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शहर का चहुंमुखी विकास हो रहा है। इससे लोगों की अपेक्षाएं बढ़ती जा रही हैं। रायपुर नगर निगम विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं को शहर की अंतिम बस्तियों तक पहुंचा रही है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने अपने स्वागत भाषण में नगरीय निकायों में अटल परिसरों के निर्माण और रायपुर नगर निगम क्षेत्र में आज लोकार्पित और भूमिपूजन वाले कार्यों की जानकारी दी। सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायकगण सर्वश्री राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, अनुज शर्मा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नंद कुमार साहू, रायपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, निगम आयुक्त श्री विश्वदीप और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के सीईओ श्री शशांक पाण्डेय सहित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा रायपुर नगर निगम के अधिकारी एवं पार्षदगण भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *