बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देवीखुर्द स्थित शिव मंदिर परिसर में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी, महिलाएं, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे और योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि योग को संगीत की धुनों के साथ जोड़कर बेहद सरल और रोचक तरीके से कराया गया। प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को बताया कि नियमित योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। संगीत के साथ योगाभ्यास करने से लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की विधियों को आसानी से सीखा।


योग प्रशिक्षकों ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नियमित योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

इस दौरान मंदिर परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मकता का वातावरण देखने को मिला। कॉलोनीवासियों ने इस अनूठे आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि संगीत के साथ योग सीखने से अभ्यास करना और भी आसान एवं आनंददायक हो गया है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम में किरण गुप्ता, रीना राय, जे पी वर्मा, राजन सिंह, वासु, पूजा श्रीवास्तव, सुष्मिता, रश्मिता, शिप्रा ,किरण देवांगन, वैष्णवी, रामा राय, ओम द्विवेदी, मनाब मंडल, रानू, सीमा दुबे, प्रभा राय, रूपा सिंह ,सीमा यादव, प्रजापति अंकल, त्रिपाठी आंटी, वासुदेव लिल्हारे ,पूजा सहाय, सोनी ओगरे, रत्ना टाटा, विजयलक्ष्मी, योगिता साहू, रूपा भट्टाचार्य, राजेश्वरी नायक, दुर्गा, शांति त्रिपाठी, रानू मंडल, विलास उपासिनी एवं प्रभा साहा का विशेष योगदान रहा

