कैबिनेट के ऐतिहासिक निर्णयों से किसानों को होली का तोहफा – ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती : दिनेश सिंह


बिलासपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णयों का स्वागत करते हुए भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह राजपूत ने कहा कि यह कैबिनेट बैठक छत्तीसगढ़ के किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
श्री राजपूत ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले प्रदेश के 25.24 लाख से अधिक किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान होली से पूर्व उनके बैंक खातों में किया जाएगा। लगभग ₹10,000 करोड़ की यह राशि सीधे किसानों तक पहुँचेगी, जिससे गांवों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और बाजारों में रौनक बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि खरीफ वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी कर छत्तीसगढ़ ने देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पिछले दो वर्षों में किसानों को लगभग ₹25,000 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है और आगामी भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर ₹35,000 करोड़ हो जाएगा। यह भाजपा सरकार की किसान-समर्पित सोच और वचनबद्धता का प्रमाण है।
कैबिनेट में आगामी विधानसभा सत्र एवं बजट की तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय भी लिए गए, जिससे विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। श्री राजपूत ने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना, किसानों की आय में वृद्धि करना और वित्तीय अनुशासन के साथ प्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाना है।
दिनेश सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणा नहीं, बल्कि समयबद्ध क्रियान्वयन में विश्वास रखती है। होली के पावन अवसर पर किसानों को यह बड़ी सौगात प्रदेश के अन्नदाताओं के सम्मान का प्रतीक है। भाजपा किसान मोर्चा, बिलासपुर इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं मंत्रिपरिषद का आभार व्यक्त करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *