ग्रीन आर्मी द्वारा नगर निगम मुख्यालय एवं 10 जोनों में सिंगल यूज प्लास्टिक को पूर्णतः बंद करने की मांग — सभापति द्वारा सभी 10 जोनों को पालन के निर्देश जारी

रायपुर — नगर निगम रायपुर के सभापति माननीय श्री सूर्यकांत राठौर जी द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को प्रतिबंधित करने के संबंध में नगर निगम मुख्यालय (व्हाइट हाउस) सहित सभी 10 जोन कार्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

इस संबंध में ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा एक ज्ञापन प्रस्तुत किया गया था, जिसमें सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को पूर्णतः बंद करने का अनुरोध किया गया था। ज्ञापन को संज्ञान में लेते हुए सभापति महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों को प्रतिबंध के प्रभावी पालन हेतु निर्देशित किया गया।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप निगम कार्यालयों में पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर ग्रीन आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक श्री अमिताभ दुबे, रायपुर जिला अध्यक्ष श्री गुरदीप टुटेजा एवं वाइट विंग नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री श्याम बघेल जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही ग्रीन आर्मी से 50 से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

इस अवसर पर वाइट विंग अध्यक्ष श्री श्याम बघेल जी ने कहा, “सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। यदि शासकीय कार्यालय स्वयं प्रतिबंध का पालन करेंगे तो समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। ग्रीन आर्मी निरंतर जनजागरूकता एवं प्रशासन के सहयोग से रायपुर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

ग्रीन आर्मी द्वारा शहर के विभिन्न जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर समय-समय पर ज्ञापन प्रस्तुत कर रचनात्मक सहयोग दिया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के पालन हेतु जारी यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *