रायपुर। छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता दर्ज किए गए हैं। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान 24 लाख 99 हजार 823 नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जबकि दस्तावेज सत्यापन के बाद 2 लाख 34 हजार 994 नए मतदाता जोड़े गए हैं।
प्रारंभिक सूची में प्रदेश में 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता थे। व्यापक सत्यापन अभियान के दौरान मृत, स्थानांतरित एवं दोहरे नामों को हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना था।
19,13,540 मतदाता घरों में नहीं मिले
सत्यापन के दौरान 19 लाख 13 हजार 540 मतदाता अपने पते पर नहीं मिले या अनुपस्थित पाए गए। ऐसे मामलों में संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद कार्रवाई की गई। निर्वाचन विभाग का कहना है कि जिन मतदाताओं को आपत्ति है, वे नियमानुसार दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
नाम जुड़वाने और सुधार की प्रक्रिया
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा विलोपन के लिए निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन पोर्टल या संबंधित बीएलओ/निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि सभी जिलों में बीएलओ, ईआरओ और एईआरओ की टीमों ने घर-घर जाकर सत्यापन किया। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब अंतिम मतदाता सूची के आधार पर आगामी चुनावी तैयारियां की जाएंगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि संशोधित मतदाता सूची प्रदेश की चुनावी तस्वीर पर प्रभाव डाल सकती है, क्योंकि अब 1.87 करोड़ मतदाता ही सरकार चुनने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

