बिलासपुर। महावीर सिटी स्थित आवास में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर श्याम रजक को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर स्व-सहायता समूह को शासकीय उचित मूल्य दुकान आवंटित कराने के बदले 1 लाख रुपये की मांग करने का आरोप है।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
ग्राम पंचायत विद्याडीह से जुड़े मामले में प्रार्थी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव की उचित मूल्य दुकान वर्तमान में पंचायत संचालित कर रही है और उसे स्व-सहायता समूह को दिलाने के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया गया था। आरोप है कि जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कर आवंटन आदेश जारी कराने के बदले फूड इंस्पेक्टर ने 1 लाख रुपये की मांग की।
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर एसीबी टीम ने 21 फरवरी को जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार 90 हजार रुपये की पहली किस्त देते ही टीम ने महावीर सिटी स्थित आवास में दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। पूरी राशि जब्त कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुख्यालय अटैच के बाद फिर उसी जगह पदस्थ
सूत्रों के अनुसार करीब डेढ़ माह पहले आमजन की शिकायत पर जिला प्रशासन ने संबंधित फूड इंस्पेक्टर को मस्तूरी से हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया था। लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसे पुनः उसी स्थान पर पदस्थ कर दिया गया। अब ट्रैप कार्रवाई के बाद प्रशासनिक गलियारों में यह सवाल उठ रहा है कि शिकायत के आधार पर हटाए गए अधिकारी को दोबारा उसी जगह किसके दबाव या सिफारिश पर भेजा गया। इस विषय पर जिम्मेदारी फूड कंट्रोलर अमृत कुजूर की बनती है मगर
फूड कंट्रोलर के तरफ से कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ और न ही उन्होंने फोन उठाया इससे मामले में विभागीय जवाबदेही को लेकर भी प्रश्न खड़े हो गए हैं।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का संरक्षण उजागर?
मामले में यह भी चर्चा है कि संबंधित अधिकारी को कुछ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का संरक्षण प्राप्त था, जिसके चलते शिकायतों के बावजूद उसकी पुनः पदस्थापना हुई। एसीबी की कार्रवाई के बाद अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की मांग उठने लगी है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आवास सहित अन्य ठिकानों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

