तखतपुर — छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत संकल्प बजट 2026-27 को किसान हितैषी और दूरदर्शी बताते हुए भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश राजपूत ने जोरदार स्वागत किया है। इस बजट में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने, सिंचाई एवं ऊर्जा सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान को नई गति देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जो प्रदेश के कृषि क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले सिद्ध होंगे।
जिला भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष की ओर से कहा गया कि राज्य सरकार ने किसानों की आवश्यकताओं और जमीनी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बजट तैयार किया है। विशेष रूप से ₹10,000 करोड़ की कृषक उन्नति योजना किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। वहीं ₹5,500 करोड़ की विद्युत पंपों हेतु बिजली सब्सिडी से सिंचाई लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी और छोटे एवं मध्यम किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
सरकार द्वारा ₹820 करोड़ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए प्रावधान करना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अतिरिक्त कृषि शिक्षा और अनुसंधान को मजबूत करने के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय हेतु ₹250 करोड़ तथा उद्यानिकी विश्वविद्यालय हेतु ₹170 करोड़ का प्रावधान प्रदेश में आधुनिक कृषि तकनीकों के विस्तार को गति देगा।
जल संरक्षण और सतत कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ₹170 करोड़ का एकीकृत वाटरशेड प्रबंधन कार्यक्रम तथा ₹150 करोड़ का एकीकृत बागवानी विकास मिशन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में सहायक सिद्ध होंगे। पशुपालन क्षेत्र को मजबूती देने के लिए ₹90 करोड़ की डेयरी समग्र विकास योजना तथा गन्ना उत्पादक किसानों के हित में ₹60 करोड़ बोनस की घोषणा किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
दिनेश राजपूत ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, समृद्धि और आत्मनिर्भरता का ठोस खाका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय दोगुनी करने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष दिनेश राजपूत ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस बजट से प्रदेश का किसान और अधिक सशक्त होगा तथा छत्तीसगढ़ कृषि क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

