समय और श्रम की बचत, एक साथ मिल रहा तीन माह का राशन
बिलासपुर, 8 अप्रैल 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिले के सभी पीडीएस दुकानों में 7 अप्रैल से चावल उत्सव की शुरूआत हुई है। चावल उत्सव के दौरान जिले के लगभग 6 लाख राशन कार्डधारियों को तीन माह का चावल एक साथ वितरण किए जाने की शुरुआत हुई। जिले में बीपीएल और एपीएल कार्डधारियों को निर्धारित तीन माह का चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत सभी 697 उचित मूल्य दुकानों में एक साथ वितरण प्रक्रिया संचालित की गई है। तीन माह का चावल एकमुश्त मिलने से हितग्राहियों में उत्साह है उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।


शहर के कुदुदण्ड स्थित पीडीएस दुकान में अपना राशन लेने पहुंचे हितग्राही गणेश यादव ने बताया कि आज उन्हें तीन माह का चावल एकमुश्त प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था काफी सुविधाजनक है इससे उन्हें अब तीन माह तक राशन दुकान नहीं आना पड़ेगा इससे उनके समय की बचत होगी। शासकीय उचित मूल्य दुकान पहंुची श्रीमती लक्ष्मी मानिकपुरी ने बताया कि वह तीन माह का चावल लेने केंद्र पहंुची है जहां निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें 105


किलो चावल मिल गया है। उन्होंने इस व्यवस्था पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे अब उन्हें इस भीषण गर्मी में तीन माह तक राशन दुकान आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वृद्धा फोनी बाई ने कहा कि राशन दुकानों में चावल लेने के लिए कई बार उन्हें काफी समय देना पड़ता है। भीषण गर्मी में सरकार द्वारा लिए गए इस निर्णय से सभी को राहत मिलेगी। युवा महिला सुनीता पात्रे ने बताया कि 6 माह के छोटे बच्चे को लेकर वह राशन लेने आई है। तीन माह का राशन एकमुश्त मिलने से अब उन्हें इस भीषण गर्मी में बच्चे के साथ चावल लेने नहीं आना पड़ेगा यह मेरे लिए एक बड़ी राहत है उन्होंने कहा कि सरकार की इस संवेदनशील पहल से आमलोगों को काफी सुविधा होगी।

उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देश पर आयोजित चावल उत्सव कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पहले से तैयारी की गई थी। इस पहल के तहत जिले के लगभग 6 लाख राशन कार्डधारियों को एकमुश्त तीन माह का चावल उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें एपीएल कार्डधारियों को भी नियमित आवंटन के अनुसार वितरण सुनिश्चित किया गया। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, जिले में प्रति माह 17 हजारों मीट्रिक टन चावल आवंटित होता है, जिसे इस बार तीन माह का एक साथ वितरण करने की व्यवस्था की गई है। यह पहल हितग्राहियों के लिए काफी सुविधाजनक है। जिससे उन्हें आगामी तीन माह तक राशन दुकान आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।


