
बिलासपुर। बिलासपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक श्री अमर अग्रवाल इन दिनों ‘बस्ती चलो अभियान’ के माध्यम से शहर के हर कोने में पहुँचकर जन-संवाद कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने शहर के विभिन्न मंडलों और वार्डों का दौरा कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और साय सरकार के सुशासन का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। श्री अग्रवाल ने पश्चिम मंडल के कस्तूरबा नगर स्थित पत्रकार कॉलोनी और अयोध्या नगर के शिव मंदिर परिसर से अपने जनसंपर्क की शुरुआत की। यहाँ उन्होंने स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश का बुनियादी ढांचा तेजी से मजबूत हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों और बुद्धिजीवियों के सुझावों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर वार्ड 19 को एक नई ऊंचाई पर ले जाया जाएगा।

उत्तर मंडल के वार्ड क्रमांक 61 और 62 के दौरे के दौरान श्री अग्रवाल चटर्जी गली स्थित सिंधी धर्मशाला और शास्त्री नगर के यादव भवन पहुँचे। यहाँ स्थानीय निवासियों ने बुनियादी मुद्दों पर चर्चा की, जिस पर श्री अग्रवाल ने मौके पर ही आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की गलियों में विकास की रोशनी पहुँचाना हमारी प्रतिबद्धता है और कोई भी वार्ड मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा। जनसंपर्क का यह कारवां दक्षिण मंडल के क्रांति नगर और भारतीय नगर भी पहुँचा, जहाँ नागदौने कॉलोनी में नागरिकों ने श्री अग्रवाल का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह और विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। भारतीय नगर और अज्ञेय नगर में संवाद के दौरान उन्होंने जोर दिया कि भाजपा सरकार का एकमात्र ध्येय विकास की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।
रेलवे परिक्षेत्र के विनोबा नगर में स्थित क्रांति नगर उद्यान सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में श्री अग्रवाल ने रेलवे क्षेत्र के निवासियों की विशिष्ट समस्याओं पर गौर किया। उन्होंने कहा कि रेलवे परिक्षेत्र को शहर की मुख्य विकास योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता है। दौरे के अंतिम पड़ाव में वे पूर्वी मंडल के शहीद भगत सिंह नगर (वार्ड 39) स्थित गुजराती समाज के जलाराम मंदिर पहुँचे। यहाँ उन्होंने श्रद्धापूर्वक मत्था टेकने के बाद वार्डवासियों से चर्चा करते हुए कहा कि विकसित बिलासपुर के सपने को साकार करने में हर मोहल्ले की सहभागिता अनिवार्य है। श्री अग्रवाल ने आह्वान किया कि मोदी जी की गारंटी और प्रदेश की साय सरकार की नीतियां आज धरातल पर नजर आ रही हैं, जिससे आम जनता का जीवन सुगम हो रहा है। पूरे दौरे के दौरान उनके साथ भाजपा के मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कल इन क्षेत्रों में पहुँचेंगे अमर अग्रवाल
जनसंपर्क के इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए श्री अमर अग्रवाल कल भी शहर के विभिन्न मंडलों का दौरा करेंगे। उनका कल का कार्यक्रम सुबह 11:15 बजे पश्चिम मंडल के तिलक नगर स्थित पुत्री शाला सामुदायिक भवन से शुरू होगा। इसके पश्चात वे दोपहर 12:00 बजे उत्तर मंडल के जबड़ा पारा स्थित चंद्रा सामुदायिक भवन पहुँचेंगे। दोपहर 12:45 बजे दक्षिण मंडल के मंझवा पारा स्थित नलिंदा जेम्स के निवास पर वार्डवासियों से संवाद करेंगे और अंत में दोपहर 1:45 बजे रेलवे मंडल के विद्या नगर में जनसंपर्क के साथ कल के कार्यक्रम का समापन होगा।

