“ईंधन बचाओ, पर्यावरण बचाओ” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की पहल
बिलासपुर/तखतपुर
देश के लोकप्रिय एवं यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु दिए गए प्रेरणादायी संदेश का व्यापक प्रभाव अब जनप्रतिनिधियों और सामाजिक नेतृत्व में भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा संगठन मण्डल प्रभारी दिनेश राजपूत गुरूजी ने एक अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी संकल्प लिया है।
राजपूत ने घोषणा की है कि वे अब प्रतिदिन घरेलु दैनिक कार्य एवं स्थानीय स्तर का कार्य साइकिल व मोटर सायकिल से करेंगे और लम्बी दुरी बस एवं कार के माध्यम से नियमित भ्रमण करेंगे। उनका यह संकल्प केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आमजन में पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, सादगी एवं राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का प्रयास भी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विजन केवल विकास तक सीमित नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण का संकल्प है। आज जब पूरी दुनिया पर्यावरण संकट और बढ़ते प्रदूषण की चुनौती से जूझ रही है, तब प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव कर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बने।
भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश राजपूत ने कहा कि साइकिल चलाने से जहां शरीर स्वस्थ रहता है, वहीं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने से ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण और ट्रैफिक में भी कमी आती है। उन्होंने युवाओं, किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सप्ताह में कम से कम एक या दो दिन साइकिल अथवा सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर प्रधानमंत्री जी के “ऊर्जा बचत एवं पर्यावरण संरक्षण” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें।

राजपूत ने कहा कि “राष्ट्रहित में किया गया छोटा प्रयास भी बड़े परिवर्तन का आधार बनता है। यदि हर नागरिक ईंधन बचत का संकल्प ले, तो देश आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनेगा तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक परिणाम देखने को मिलेंगे।”
भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने श्री दिनेश राजपूत के इस अभिनव निर्णय की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस प्रकार स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करेगा।
यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ भारत और आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

