
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 28 मई 2026 *मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर आज भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ बिलासपुर द्वारा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में *भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़* के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा जी के निर्देशानुसार प्रातः 6.30 बजे स्थान-रिवर व्यू में “तारुण्य वार्ता – मासिक धर्म पर खुलकर” विषय पर भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस पहल का संकल्प है कि माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को मिटाकर यह संदेश हर घर तक, जन-जन तक पहुंचे।

कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी पदेन जिला मुख्य आयुक्त श्री विजय टांडे के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में राज्य मुख्यालय आयुक्त स्काउट श्री रविश गुप्ता मुख्य अतिथि, जनपद सदस्य बिल्हा श्री अवधेश अग्रवाल विशिष्ट अतिथि एवं जिला मुख्य आयुक्त श्री राजेन्द्र कुमार साहू ने अध्यक्षता की।
मुख्य अतिथि श्री रविश गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा, “मासिक धर्म कोई अभिशाप नहीं, प्रकृति का वरदान है। इसे छुपाने की नहीं, समझने की जरूरत है। जब हम बेटियों को सम्मान और स्वच्छता देंगे, तभी स्वस्थ भारत का सपना पूरा होगा।”
विशिष्ट अतिथि श्री अवधेश अग्रवाल ने कहा, “पीरियड पर चुप्पी तोड़ना ही असली विकास है। यह शर्म का नहीं, गर्व का विषय है। समाज की सोच बदलने के लिए हर घर से शुरुआत करनी होगी।”

अध्यक्षता कर रहे जिला मुख्य आयुक्त श्री राजेन्द्र कुमार साहू ने कहा, “स्काउट-गाइड आंदोलन हमेशा समाज सेवा में अग्रणी रहा है। ‘तारुण्य वार्ता’ के माध्यम से हम किशोरियों को उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग बना रहे हैं। स्वच्छता और जानकारी ही माहवारी से जुड़ी कुरीतियों का सबसे बड़ा जवाब है।”
जिला मुख्यालय आयुक्त श्री नवनीत कौशिक ने कहा, “माहवारी पर खुलकर बात करना स्वस्थ समाज की नींव है। जागरूकता ही भ्रांतियों को तोड़ने का सबसे सशक्त हथियार है।”

इसी अवसर पर फिल्म निर्माता आर्यन तिवारी एवं महेंद्र सूर्यवंशी (सोशल वर्कर) ने माहवारी विषय पर आधारित साइलेंट शॉर्ट मूवी का पोस्टर लॉन्च किया। जिला संगठन आयुक्त डॉ. पूनम सिंह की प्रेरणा से आर्यन ने यह फिल्म बनाने का निश्चय किया, जिसका उद्देश्य मौन की भाषा से समाज की सदियों पुरानी चुप्पी तोड़ना है।
सभी अतिथियों का स्कार्फ और पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें सम्मान स्वरूप ‘पीरियड फ्रेंडली ब्रेसलेट’ पहनाए गए। सफेद और लाल मोतियों से बना यह ब्रेसलेट स्वच्छता और माहवारी का प्रतीक है।
‘माहवारी शर्म नहीं, सम्मान का विषय है’
डॉ. पूनम सिंह, जिला संगठन आयुक्त (गाइड), जिनके नेतृत्व में यह मुहिम सतत चलाई जा रही है, ने कहा, “जब बेटियां स्वस्थ होंगी, तभी सशक्त समाज का निर्माण होगा। हमारा हर स्काउट-गाइड इस क्रांति का वाहक है। वर्जनाओं की दीवारें तोड़कर किशोरियों एवं महिलाओं को स्वस्थ जीवन का अधिकार दिलाना इस अभियान का मूल उद्देश्य है।”

अभियान की प्रमुख गतिविधियां:
स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर एवं समस्त यूनिट लीडर नवाचार के साथ युद्धस्तर पर समाज को जागरूक कर रहे हैं:
- जनसंपर्क एवं कार्यशाला: स्कूलों, कॉलेजों और बस्तियों में सीधा संवाद।
- रचनात्मक माध्यम: दीवार लेखन, चित्रकारी, क्विज, स्लोगन, ड्राइंग एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं।
- जागरूकता प्रसार: नुक्कड़ नाटक और रैलियों के माध्यम से गली-मोहल्लों तक पहुंच।
- प्रतीकात्मक पहल: पीरियड फ्रेंडली ब्रेसलेट के माध्यम से स्वच्छता का संदेश।
इस अवसर पर सहा. जिला आयुक्त गाइड श्रीमती आरती राय, जिला सचिव लता यादव, डी.टी.सी.(स्का.)संतोष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त सचिव शत्रुघ्न सूर्यवंशी, देवव्रत मिश्रा, पुष्पा शर्मा, रश्मि तिवारी, अपर्णा सारखेल, मिंदू सांडे, संध्या, रेवती साहू, अनीता दान, शकुन चौहान, कौशल्या सहित जिले के बड़ी संख्या में स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भारत स्काउट्स और गाइड्स जिला संघ बिलासपुर ने समाज के सभी वर्गों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से इस पुनीत अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

