बिलासपुर —- दिनांक 29.05.2026 को पीड़िता द्वारा थाना तोरवा उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई गई कि मोहल्ले में रहने वाला संदीप जगत आए दिन उसे तथा अन्य बालिकाओं को देखकर अभद्र टिप्पणियां करता था, अशोभनीय व्यवहार करता था तथा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी की हरकतों से क्षेत्र की बालिकाओं एवं महिलाओं में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित हो रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तोरवा पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत धारा 79, 75(i)(ii), 296, 351(3) बीएनएस एवं 8, 12 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
श्रीमान पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप जगत को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणियां करने एवं अशोभनीय व्यवहार करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 30.05.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

