विश्व पर्यावरण दिवस पर रीना झा को राज्य स्तरीय सम्मान,समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुईं सम्मानित


बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस (05 जून) के अवसर पर पर्यावरण एवं पर्यटन विकास समिति, छत्तीसगढ़ी राजभाषा परिषद बिलासपुर द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह 2026 में समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली श्रीमती रीना झा को “छत्तीसगढ़ समाज सेवा शिखर सम्मान” से सम्मानित किया गया।

समिति द्वारा प्रदान किए गए सम्मान पत्र में उल्लेख किया गया है कि रीना झा ने समाज, साहित्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे लंबे समय से जनसेवा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके द्वारा किए गए कार्यों का सकारात्मक प्रभाव समाज के विभिन्न वर्गों पर पड़ा है।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रीना झा ने समाजहित के कार्यों को अपना उद्देश्य बनाकर निरंतर सेवा की मिसाल पेश की है। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन, जरूरतमंदों की सहायता, जनजागरूकता अभियानों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तित्वों को प्रोत्साहित करने का कार्य करते हैं। रीना झा का योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और उनकी सेवाएं आने वाली पीढ़ियों को भी जनहित में कार्य करने की प्रेरणा देंगी।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, वृक्षारोपण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने रीना झा को सम्मान प्राप्त होने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *