बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर लायंस क्लब बिलासपुर कैपिटल द्वारा गौरव पथ रिंग रोड-2 स्थित रानी सती मंदिर के सामने वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देना रहा।
इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में लायंस क्लब के पूर्व रीजन चेयरपर्सन डॉ. के. के. श्रीवास्तव, क्लब अध्यक्ष डॉ. लव श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी सायरा बानो, सरिता बंजारे, महेन्द्र सिंह, भुवन साहू सहित अनेक सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की नियमित देखरेख और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने मिलकर स्वच्छ एवं हरित बिलासपुर के निर्माण का संकल्प लिया।


