डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित, राष्ट्रसेवा के संकल्प को किया गया पुनः स्मरण


बिलासपुर—-भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, बिलासपुर में महान राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रेम प्रकाश पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए की गई। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका त्याग, साहस और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का विचार आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त करें।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने भी डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का उनका संकल्प देश की एकता और अखंडता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था।
सम्मेलन में भाजपा के वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह,  महापौर पूजा विधानी, जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर,भूपेंद्र सवन्नी,  हर्षिता पांडेय, गुलशन ऋषि,विनोद सोनी,जगदीश रोहरा, रूपकुमारी चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दोहराया।

इन सभी बातों के लिए अनूसूचित जाति मोर्चा सोशल मीडिया प्रभारी श्री अभिषेक घोरे ने डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को याद किया एवं सभी को धन्यवाद दिया