बिलासपुर, 11 जुलाई। नेचर सिटी स्थित किड्स फन क्लब बैक टू फन स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ ग्रीन कलर डे एवं ट्री फेस्टिवल (पौधरोपण दिवस) हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय की संचालिका एवं प्राचार्य क्षमा सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा हरियाली के महत्व को बचपन से ही विकसित करना था।


इस अवसर पर बच्चों ने हरे रंग की आकर्षक पोशाकें पहनकर कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया तथा बच्चों को पेड़-पौधों की उपयोगिता, स्वच्छ वातावरण और हरियाली के महत्व के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी गई। गीत, गतिविधियों और खेल-खेल में सीखने की पद्धति के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।


विद्यालय की संचालिका एवं प्राचार्य क्षमा सिंह ने कहा कि नर्सरी स्तर पर बच्चों को प्रकृति से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। इस आयु में जो संस्कार और आदतें विकसित होती हैं, वही आगे चलकर उनके व्यक्तित्व का आधार बनती हैं। यदि बच्चे पेड़-पौधों से प्रेम करना सीखेंगे, तो वे भविष्य में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।

उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों के मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रीन कलर डे के माध्यम से बच्चों की रंगों की पहचान, अवलोकन क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित होती है, वहीं पौधरोपण जैसी गतिविधियाँ उनमें जिम्मेदारी, संवेदनशीलता, धैर्य और प्रकृति के प्रति अपनापन पैदा करती हैं। समूह में किए गए ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास, सहभागिता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने पौधों की देखभाल करने तथा अपने आसपास अधिक से अधिक हरियाली बनाए रखने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के रचनात्मक और अनुभवात्मक आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सार्थक योगदान देंगे।


