न्योता भोज से सामाजिक समरसता का होता है विकास : दिनेश राजपूत

प्राथमिक शाला पथर्रा में शाला प्रवेश उत्सव, न्योता भोज एवं जन्मदिन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

तखतपुर। विकासखंड तखतपुर के प्राथमिक शाला पथर्रा में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव, न्योता भोज एवं जन्मदिन समारोह उत्साह, उल्लास एवं सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा बिलासपुर शहर के जिलाध्यक्ष दिनेश राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधवी वस्त्रकार ने की। इस अवसर पर संकुल समन्वयक दिनेश साहू, शालेय शिक्षक संघ के संभाग अध्यक्ष आशुतोष सिंह ठाकुर, विकासखंड अकादमिक सदस्य, प्रधान पाठक श्री सुनील श्रीवास्तव, चंद्रशेखर कौशिक, रामधुन उपाध्याय, विष्णु कुमार छेड़ा, मनीष सरेशरिया, मनहरण गोस्वामी (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता), नारायण गोस्वामी (अध्यक्ष, ग्राम शिक्षा समिति), हेमलता, सोमिन सहित विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में दिनेश राजपूत ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल बच्चों के विद्यालय में प्रवेश का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का अभियान है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा प्रत्येक बालक-बालिका गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा, “न्योता भोज केवल भोजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आत्मीयता और सामुदायिक सहभागिता का सशक्त माध्यम है। जब समाज, शिक्षक, अभिभावक और जनप्रतिनिधि एक साथ बैठकर बच्चों के भविष्य की चिंता करते हैं, तब शिक्षा का वातावरण और अधिक सुदृढ़ होता है। ऐसे आयोजन समाज में समानता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।”
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधवी वस्त्रकार ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा शासन की विभिन्न शिक्षा योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित शाला प्रवेश उत्सव एवं न्योता भोज की सराहना करते हुए इसे समाज को जोड़ने वाला अनुकरणीय प्रयास बताया।

शालेय शिक्षक संघ के संभाग अध्यक्ष आशुतोष सिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार और राष्ट्र निर्माण का भी दायित्व निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन एवं अच्छे संस्कार अपनाने का आह्वान किया तथा अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान शालेय शिक्षक संघ के संभाग अध्यक्ष आशुतोष सिंह ठाकुर का जन्मदिन भी आत्मीय वातावरण में मनाया गया। उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने न्योता भोज में सहभागिता कर सामाजिक समरसता, सामुदायिक एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन शिक्षा, सामाजिक समरसता और जनसहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया, जिसमें समाज के सभी वर्गों ने सहभागिता कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *