सफाई कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, महिला सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम लॉयन सर्विस कार्यालय का घेराव, जनता मजदूर कल्याण संघ ने सौंपा ज्ञापन


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ जनता मजदूर कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम लॉयन सर्विस के कार्यालय पहुंचकर सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं तथा अन्य श्रमिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन उन्हें आज भी पर्याप्त वेतन, सुरक्षित कार्य वातावरण और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। महिला कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, समय पर वेतन भुगतान, श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा तथा अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की गई।
इस अवसर पर भारतीय जनता मजदूर कल्याण संघ की महिला नेत्री श्रीमती पूजा पाल, प्रदेश महासचिव राज कुमार बरसमन, प्रदेश सचिव राजू वस्त्रकार, प्रदेश महासचिव रवि प्रियपानी, यूनियन लीडर सुनील बाघ, साहिल, आकाश महानंद, रीतेश, समीर बिरहा सहित बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ जनता मजदूर कल्याण संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप कुमार ने कहा कि यह आंदोलन श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी यह केवल शुरुआत है और यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन मजदूरों की आवाज को शासन-प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि कर्मचारियों को सम्मानजनक कार्य वातावरण और उनके अधिकारों के अनुरूप सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *