उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित हुए धरमलाल कौशिक का किसान मोर्चा ने किया भव्य अभिनंदन


तखतपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक को “उत्कृष्ट विधायक” सम्मान प्राप्त होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, जिला बिलासपुर शहर द्वारा जिलाध्यक्ष दिनेश राजपूत के नेतृत्व में उनके निज निवास परसदा पहुँचकर गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने श्री कौशिक का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया तथा उन्हें उत्कृष्ट विधायक सम्मान प्राप्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
अपने उद्बोधन में श्री धरमलाल कौशिक ने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत करते हुए संगठन की मजबूती, किसानों के हितों एवं जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को अपना स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश राजपूत ने कहा कि श्री धरमलाल कौशिक को उत्कृष्ट विधायक सम्मान मिलना पूरे बिलासपुर जिले एवं भारतीय जनता पार्टी परिवार के लिए गौरव का विषय है। उनका संगठनात्मक अनुभव, जनसेवा और नेतृत्व सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिला महामंत्री दिनेश कौशिक, उपाध्यक्ष अशोक कौशिक, कोमल सिंह ठाकुर, रामगोपाल गुप्ता, मंडल अध्यक्ष चंदन यादव, राकेश भोसले, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री टिकेश्वर कौशिक, पूर्व सरपंच कौशिक जी, विनोद श्रीवास, संजय यादव सहित किसान मोर्चा एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।