कारगिल विजय दिवस 2026: बिलासपुर में वीर शहीदों को सैन्य सम्मान, राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ हुआ भव्य आयोजन

बिलासपुर | कारगिल विजय दिवस 2026 के अवसर पर शनिवार सुबह सूरज की पहली किरण के साथ बिलासपुर के सीएमडी चौक स्थित युद्धेश स्मारक (अमर जवान स्मारक) में देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व सैनिक संगठन ‘सिपाही’ एवं पूर्व सैनिक महासभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामय समारोह में पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर कारगिल के अमर वीरों को नमन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति श्री संजय अग्रवाल रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया। समारोह में ग्रुप कैप्टन संजय पांडे (रीजनल हेड, ECHS), कर्नल (सेवानिवृत्त) राकेश सिंह बिसेन (सिग्नल्स), डॉ. विनोद तिवारी (निदेशक, संजीवनी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर एवं वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ), जैन इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य तथा एनसीसी बटालियन के सूबेदार लाल साहब विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज को सलामी, राष्ट्रगान और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ हुई। इस दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति के जयघोष गूंजते रहे और वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत हो गया।

पूर्व सैनिक महासभा के अध्यक्ष एवं ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र’ अभियान के संयोजक महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का स्वागत करते हुए बताया कि संगठन पिछले 13 वर्षों से युद्धेश स्मारक के संरक्षण, रखरखाव और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने कारगिल युद्ध के संघर्ष, भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए युवाओं से देशसेवा की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रक्षक फिजिकल अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं पूर्व सैनिक किशन सिंह राजपूत, संस्कार फाउंडेशन की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया साहू एवं उनकी टीम, लाफ्टर क्लब के अध्यक्ष डी. पी. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भारतीय थल सेना के सेवानिवृत्त सैनिक, पूर्व सैनिक, जैन इंटरनेशनल स्कूल और सीएमडी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स, उनके प्रशिक्षक तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह में वक्ताओं ने कारगिल युद्ध की कठिन परिस्थितियों, भारतीय सैनिकों की वीरता, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य उपलब्धि नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, साहस और आत्मसम्मान का प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान सभी पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स एवं अतिथियों ने सैन्य परंपराओं के अनुरूप पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा सशस्त्र सलामी के साथ उन्हें नमन किया।

आयोजकों ने जानकारी दी कि पूर्व सैनिक संगठन ‘सिपाही’ एवं पूर्व सैनिक महासभा द्वारा प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई (कारगिल विजय दिवस) से 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) तक “राष्ट्रभक्ति पखवाड़ा” मनाया जाता है। इस दौरान विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र’ अभियान भी संचालित किया जाता है, जो भारतीय सैनिकों के सम्मान में नागरिकों की भागीदारी वाला एक प्रमुख जनअभियान बन चुका है।

कार्यक्रम के समापन पर घोषणा की गई कि 15 अगस्त को बिलासपुर में पूर्व सैनिकों, सिपाही रक्षा सूत्र अभियान के वाहनों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को और अधिक मजबूत करना रहेगा।

जय हिन्द।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *