भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र नामदेव तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री टी. पी. सिंह आज कोरबा–तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस से केरल के पथानामथिट्टा जिले के लिए रवाना हुए। दोनों पदाधिकारी महासंघ के केरल प्रदेश राज्य अधिवेशन में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ केरल प्रदेश का राज्य अधिवेशन 2 अगस्त 2026 (रविवार) को समारिया हाइट्स, थुवायूर, अडूर (जिला पथानामथिट्टा) में आयोजित होगा। इस महत्वपूर्ण अधिवेशन मे केरल प्रांत से सभी जिले से बड़ी संख्या में पेंशनर्स प्रतिनिधि भाग लेंगे।
अधिवेशन में राष्ट्रीय महामंत्री श्री वीरेन्द्र नामदेव पेंशनर्स के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा, संगठन के विस्तार तथा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे आंदोलनों पर अपना मार्गदर्शन देंगे। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री टी. पी. सिंह संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के संबंध में अपने विचार व्यक्त करेंगे।
अधिवेशन के मुख्य अतिथि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सी. एच. सुरेश होंगे। वे मुख्य वक्ता के रूप में संगठन की भावी कार्ययोजना, पेंशनर्स के समक्ष वर्तमान चुनौतियों तथा उनके समाधान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों पर विस्तृत उद्बोधन देंगे।
गौरतलब है कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ देशभर के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के हितों की रक्षा, सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा तथा पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। केरल प्रदेश का यह राज्य अधिवेशन संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

