बिलासपुर। बिलासपुर स्थित शासकीय आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल सेंदरी में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमियों, महाविद्यालय परिवार के प्राचार्य एवं शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा पूर्व विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई और पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह ठाकुर ने विशेष रूप से उपस्थित होकर पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी नियमित देखभाल करके ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर राजेश वर्मा, प्रशांत पांडेय, संदीप मिश्रा, प्राचार्य श्रीमती संगीता पांडेय, श्री विपिन साव, श्री वैष्णव सर, श्रीमती पूजा गुप्ता, साधना जायसवाल, अल्का मिश्रा, सुनीता जायसवाल, पुनम जायसवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों का रोपण करने के साथ ही उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उन्हें अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने तथा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ पर्यावरण की अमूल्य सौगात बन सकता है।

