भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ ने मनाया स्थापना दिवस
महावीर एवं नरसिंहनाथ भगवान के चित्र पर माल्यार्पण, भजन, संगठन गीत एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ
रायपुर, 9 अगस्त 2026। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, जिला रायपुर के तत्वावधान में संगठन के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आनंद आश्रम, लाभांडी, रायपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने भगवान महावीर एवं भगवान नरसिंहनाथ के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने उपस्थित पेंशनर साथियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स महासंघ केवल पेंशनरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला संगठन ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के कार्यों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।
इस अवसर पर कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे.पी. मिश्रा, संभागीय अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा तथा जिला रायपुर अध्यक्ष आर.जी. बोहरे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने संगठन की एकता, पेंशनरों के हितों की रक्षा तथा भविष्य में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी ने भजन का गायन किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने संगठन गीत का सामूहिक गायन कराया। इसके पश्चात जिला सचिव ओ.डी. शर्मा के नेतृत्व में उपस्थित पेंशनर साथियों ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया।
कार्यक्रम में उपस्थित पेंशनर्स एवं पदाधिकारियों ने संगठन के स्थापना दिवस को उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा पेंशनरों की लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में वीरेन्द्र नामदेव, जे.पी. मिश्रा, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, आर.जी. बोहरे, अनिल गोल्हानी, टी.पी. सिंह ओ.डी. शर्मा, पूरनसिंह पटेल, बी एस दसमेर, एम एन पाठक,अनिल पाठक, आर के दीक्षित आर के साहू, एस के अग्रवाल, ए के तिवारी, पी आर काटोलकर, बी पी वर्मा, बाबूलाल ढीमर सहित बड़ी संख्या में पेंशनर साथी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आनंद नगर स्थित गार्डन में वृक्षारोपण किया गया।

