पटेल समाज भवन निर्माण और तालाब गहरीकरण की मांग को लेकर सक्रिय हुए समाजजन, जोन कमिश्नर से की मुलाकात


बिलासपुर। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत कोनी वार्ड क्रमांक 68 में पटेल समाज भवन निर्माण एवं क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर पटेल समाज के पदाधिकारियों और समाजजनों ने सक्रिय पहल की है। एक ओर जहां पटेल समाज भवन निर्माण के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है, वहीं दूसरी ओर पटेल मोहल्ला स्थित तालाब की सफाई और गहरीकरण की मांग को लेकर जोन कमिश्नर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया।
जानकारी के अनुसार, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला द्वारा पटेल समाज भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा किए जाने के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि की तलाश शुरू कर दी है। इसी कड़ी में समाज के पदाधिकारियों ने संबंधित पटवारी एवं आरआई से संपर्क कर भवन निर्माण योग्य भूमि की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक राजस्व प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने पर चर्चा की।
वहीं, आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए कोनी वार्ड क्रमांक 68 के पटेल मोहल्ला स्थित तालाब की सफाई एवं गहरीकरण की मांग को लेकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कोनी जोन कमिश्नर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि तालाब की नियमित सफाई और गहरीकरण नहीं होने से बारिश के दौरान जलभराव एवं अन्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इस पर जोन कमिश्नर ने तत्काल तालाब की सफाई एवं गहरीकरण कर आवश्यक समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
अरपा परिक्षेत्र युवा मोर्चा अध्यक्ष संदीप गोल्डी पटेल ने कहा कि तालाब के गहरीकरण और सफाई से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रवासियों को बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही समाज भवन निर्माण से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए स्थायी व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा युवा मोर्चा अरपा परिक्षेत्र अध्यक्ष संदीप गोल्डी पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, अश्वनी पटेल, कान्हा पटेल, शीतल पटेल कोनी पार्षद ममता अमित मिश्रा सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *