
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज योगेश ट्यूटोरियल एंड कंप्यूटर में गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ जनता मजदूर कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप कुमार जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात उपस्थित बच्चों को मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की उच्च शिक्षा को लेकर विशेष चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संदीप कुमार ने कहा कि हर काबिल और प्रतिभावान बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। आर्थिक कमजोरी के कारण किसी भी बच्चे को अपने सपनों से समझौता न करना पड़े, इसके लिए समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
यह कार्यक्रम योगेश ट्यूटोरियल एंड कंप्यूटर के संस्थापक योगेश सोनवानी जी के द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संदीप कुमार एवं योगेश सोनवानी के बीच आगामी जनहित की योजनाओं को लेकर भी गहन चर्चा हुई। विशेष रूप से जरूरतमंद बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा की कई योजनाएं जल्द शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा की गई, ताकि आसपास के आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का लाभ मिल सके।
प्रदेश अध्यक्ष संदीप कुमार ने योगेश सोनवानी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ जनता मजदूर कल्याण संघ एवं योगेश ट्यूटोरियल एंड कंप्यूटर की यह पहल क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानियों के कारण कई बच्चे अपने सपनों को अधूरा छोड़ देते हैं। ऐसे बच्चों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर देना समाज की बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव है। जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ जनता मजदूर कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप कुमार, प्रदेश महामंत्री योगेश सोनवानी, मीडिया प्रभारी साहिल ग्रायकर, बिल्हा बिलासपुर जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक घोरे ब्लॉक अध्यक्ष योगेश यादव, महासचिव दिनेश मरकाम, शैलेंद्र सिंह, राहुल, अजय दुरी, अरमान अंसारी, दिगेश साहू सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं योगेश ट्यूटोरियल एंड कंप्यूटर के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा के प्रसार और समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।


