सावन की पावन कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब–दिनेश राजपूत

तखतपुर। सावन मास के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्राम सागर से भूलकहा तक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कांवड़ यात्रा में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिनेश राजपूत ‘गुरूजी’, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ललित माखीजा, छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध संत दुर्गेश महाराज जी, प्रवीण झा, दीपक ठाकुर, सौमित्र गुप्ता, जनपद अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार, सभापति अंबिका साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

इस अवसर पर दिनेश राजपूत ने कहा कि सावन का पवित्र माह भगवान शिव की आराधना, आस्था और आत्मिक ऊर्जा का पर्व है। कांवड़ यात्रा हमारी सनातन परंपरा, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। ऐसी यात्राएं समाज में भक्ति के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करती हैं।
सागर से भूलकहा तक निकली कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। मार्गभर हर-हर महादेव एवं बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ यात्रा पूर्ण कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
समूचा वातावरण भक्ति, आस्था और शिवमय ऊर्जा से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *