
बिलासपुर की प्रख्यात लेखिका, पत्रकार एवं समाज सेविका डॉ. प्रीति प्रसाद (प्रीत) रहीं प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख
बिलासपुर/नई दिल्ली। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (ABKMS Foundation) के राजनीतिक संपर्क अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट संपन्न हुई। ABKMS महिला फोरम की राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) की प्रख्यात लेखिका, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज सेविका तथा ‘शब्दाहुति प्रकाशन’ की मुख्य संपादक डॉ. प्रीति प्रसाद (प्रीत) ने राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती सीमा निगम के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं चित्रांश कुल गौरव श्री नितिन नवीन जी से पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
इस महत्वपूर्ण मुलाकात में डॉ. प्रीति प्रसाद (प्रीत) की साहित्यिक, सामाजिक एवं वैचारिक भूमिका विशेष रूप से चर्चा का केंद्र रही। उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती सीमा निगम के साथ आगामी बहुप्रतीक्षित शोधपरक पुस्तक “युगान्तकारी: मोदी-पुतिन के साथ बदलते वैश्विक समीकरण” के संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी से विस्तृत चर्चा की।
मोदी-पुतिन और बदलते वैश्विक समीकरणों पर डॉ. प्रीति प्रसाद की महत्वपूर्ण कृति
डॉ. प्रीति प्रसाद (प्रीत) एवं श्रीमती सीमा निगम द्वारा संयुक्त रूप से लिखित पुस्तक “युगान्तकारी: मोदी-पुतिन के साथ बदलते वैश्विक समीकरण” शीघ्र ही नई दिल्ली के दरियागंज स्थित प्रतिष्ठित ‘प्रवीण प्रकाशन’ द्वारा प्रकाशित की जाएगी।
यह पुस्तक भारत-रूस के ऐतिहासिक एवं सामरिक संबंधों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की रणनीतिक कूटनीति तथा तेजी से बदलते अंतरराष्ट्रीय एवं वैश्विक राजनीतिक परिदृश्य का गंभीर और शोधपरक विश्लेषण प्रस्तुत करेगी। पुस्तक को समकालीन वैश्विक कूटनीति और भारत की बदलती अंतरराष्ट्रीय भूमिका को समझने की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी ने डॉ. प्रीति प्रसाद (प्रीत) और श्रीमती सीमा निगम को इस महत्वपूर्ण शोधपरक कृति के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुस्तक के विषय को अत्यंत समसामयिक और महत्वपूर्ण बताते हुए दोनों लेखिकाओं के साहित्यिक एवं वैचारिक प्रयासों की सराहना की।
महिलाओं और युवाओं के उत्थान पर भी हुई चर्चा
इस अवसर पर डॉ. प्रीति प्रसाद (प्रीत) ने साहित्य, पत्रकारिता, सामाजिक सरोकारों और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के संबंध में भी विचार साझा किए। श्री नितिन नवीन जी ने अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (ABKMS Foundation) द्वारा किए जा रहे समाज कल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए महिलाओं एवं युवाओं के उत्थान के लिए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. प्रीति प्रसाद (प्रीत) बिलासपुर, छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर पर साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा ABKMS महिला फोरम की राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ-साथ ‘शब्दाहुति प्रकाशन’ की मुख्य संपादक के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर ABKMS के राष्ट्रीय संगठन महासचिव श्री अनुराग श्रीवास्तव जी, राष्ट्रीय महासचिव यूथ फोरम श्री आदित्य निगम जी एवं राष्ट्रीय सचिव यूथ फोरम श्री शौर्यन निगम जी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बिलासपुर की साहित्यिक एवं सामाजिक जगत से जुड़ी डॉ. प्रीति प्रसाद (प्रीत) की राष्ट्रीय स्तर पर यह महत्वपूर्ण उपस्थिति शहर और प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।

