रक्षाबंधन के पर्व पर मुख्यमंत्री 2% डीए-डीआर की घोषणा करें : वीरेन्द्र नामदेव

1 जनवरी 2026 से बकाया 2% डीए-डीआर का एरियर सहित भुगतान करने की मांग

रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान 1 जनवरी 2026 से देय अतिरिक्त 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) एवं महंगाई राहत (डीआर) तत्काल घोषित करने की मांग की है। महासंघ ने कहा है कि वर्तमान में 58 प्रतिशत की दर से मिल रहे डीए-डीआर को बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया जाना चाहिए।

भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से केंद्र के समान महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत की मांग कर रहे हैं, लेकिन लगातार मांग किए जाने के बावजूद राज्य सरकार ने इस मामले में अभी तक चुप्पी साध रखी है। बढ़ती महंगाई के दौर में पेंशनरों एवं कर्मचारियों को समय पर महंगाई राहत नहीं मिलना उनके लिए आर्थिक कठिनाई का कारण बन रहा है।

श्री नामदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद से कर्मचारियों एवं पेंशनरों के 88 माह के डीए-डीआर एरियर का भुगतान अब तक लंबित है। वहीं, केंद्र सरकार द्वारा 1 जनवरी 2026 से देय अतिरिक्त 2 प्रतिशत डीए-डीआर को भी अब लगभग आठ माह पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश के पेंशनर अभी भी इसकी प्रतीक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब पेंशनरों को डीआर प्रदान करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार से सहमति प्राप्त करने की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। ऐसी स्थिति में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अपने स्तर पर डीआर घोषित करने में अब कोई बाधा नहीं रह गई है। इसलिए डीए-डीआर के आदेश जारी करने में अनावश्यक विलंब का कोई औचित्य नहीं है।

प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन से पहले प्रदेश के लाखों कर्मचारियों एवं पेंशनरों को 2 प्रतिशत डीए-डीआर देने की तत्काल घोषणा करें तथा 1 जनवरी 2026 से एरियर सहित भुगतान का आदेश जारी करें।

उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ द्वारा सोशल मीडिया, ई-मेल एवं एक्स (X) के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया जा रहा है। महासंघ ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों की भावना को ध्यान में रखते हुए रक्षाबंधन के अवसर पर 2 प्रतिशत डीए-डीआर की घोषणा कर उन्हें महंगाई से राहत प्रदान करेंगे।

— वीरेन्द्र नामदेव
प्रांताध्यक्ष
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़
9826111421

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *