राज्य स्तरीय सात दिवसीय संस्कृत प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य समापन, दिनेश राजपूत ने संस्कृत शिक्षकों की नियुक्ति एवं पदोन्नति की मांग उठाई

 

हथनी कला। दुर्गा मंदिर प्रांगण में संस्कृत विद्या मंडल के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित सात दिवसीय राज्य स्तरीय संस्कृत प्रशिक्षण कार्यशाला का गरिमामय समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए संस्कृत शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा संस्कृत भाषा, साहित्य एवं शिक्षण पद्धति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
समापन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी सकरी श्री दिनेश राजपूत, क्षेत्रीय राजपूत क्षत्रिय समाज मुंगेली-तखतपुर के अध्यक्ष श्री नर्मदा सिंह तथा संस्कृत विद्या मंडल के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार राजपूत उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने अपने उद्बोधन में संस्कृत भाषा के महत्व, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को अपनी प्राचीन ज्ञान परंपरा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
श्री दिनेश राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ज्ञान-विज्ञान और जीवन मूल्यों की आधारशिला है। संस्कृत शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव एवं सम्मान की भावना जागृत करें। इस प्रकार के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के साथ संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
संस्कृत शिक्षकों की नियुक्ति एवं पदोन्नति की मांग उठाई
इस अवसर पर श्री दिनेश राजपूत ने संस्कृत विद्या मंडल के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार राजपूत के समक्ष एक महत्वपूर्ण मांग रखते हुए कहा कि प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में संस्कृत शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही संस्कृत विषय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले शिक्षकों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप पदोन्नति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में योग्य संस्कृत शिक्षकों की नियुक्ति एवं पदोन्नति से संस्कृत विषय की शिक्षा को नई दिशा मिलेगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी। संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रभावी शिक्षण के लिए शासन स्तर पर इस दिशा में ठोस पहल आवश्यक है। उन्होंने संस्कृत विद्या मंडल के माध्यम से इस मांग को शासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
श्री राजेश कुमार राजपूत ने कहा कि संस्कृत हमारी संस्कृति और सभ्यता की आत्मा है। प्रदेश के संस्कृत शिक्षकों को एक मंच पर लाकर प्रशिक्षण प्रदान करने का उद्देश्य संस्कृत शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाना तथा इस प्राचीन भाषा को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों एवं आयोजन में सहयोग देने वालों का आभार व्यक्त किया।
श्री नर्मदा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कृत भाषा हमारी परंपरा, धर्म, दर्शन और संस्कारों की अमूल्य धरोहर है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे आना चाहिए। संस्कृत शिक्षकों का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में गोविन्द सिंह, मनी सिंह, नरेंद्र सिंह, रवि सिंह, दिनेश सिंह, चैन सिंह, विनोद सिंह, कैलाश सिंह, हुकुम सिंह, यशवंत सिंह, रोहित सिंह, टीकम सिंह सहित प्रदेशभर से आए सैकड़ों संस्कृत शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार, शिक्षकों के सम्मान तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *