रायपुर। यादव समाज छत्तीसगढ़ द्वारा वचन (Vachan) डेयरी कंपनी के कथित भ्रामक एवं आपत्तिजनक विज्ञापन के विरोध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से समाज ने खुले दूध के व्यवसाय को गंदा, अस्वच्छ एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक दर्शाने वाले प्रचार पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि यादव समाज छत्तीसगढ़ में पीढ़ियों से पशुपालन, दुग्ध उत्पादन एवं खुले दूध के व्यापार से जुड़ा हुआ है। यह व्यवसाय न केवल आजीविका का साधन है, बल्कि समाज की सामाजिक पहचान, परंपरा एवं सम्मान का अभिन्न हिस्सा भी है। वचन डेयरी द्वारा जारी पर्चा/विज्ञापन बिना किसी वैज्ञानिक आधार के खुले दूध को बदनाम करने वाला है, जिससे हजारों परिवारों की आजीविका और समाज की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।

यादव समाज ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि इस प्रकार के विज्ञापन से आम जनता में यह गलत धारणा बनाई जा रही है कि खुले दूध का व्यापार अस्वच्छ है, जो समाज विशेष की सामूहिक मानहानि एवं आर्थिक नुकसान का कारण बन रहा है। इसे समाज ने अनुचित व्यापार व्यवहार एवं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला कृत्य बताया।
समाज ने कलेक्टर से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वचन डेयरी कंपनी को इस प्रकार के भ्रामक एवं आपत्तिजनक प्रचार पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए जाएँ, ताकि सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
यादव समाज ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी संस्था से टकराव नहीं, बल्कि अपनी परंपरागत आजीविका, सामाजिक गरिमा एवं समाज के सम्मान की रक्षा करना है।


