गांव-गांव पहुंचेगी नई कृषि तकनीक, छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा अभियान – प्रदेश प्रवक्ता बी पी सिंह

रायपुर/बिलासपुर

          छत्तीसगढ़ में विकसित कृषि संकल्प अभियान
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और कृषि को उन्नत बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया विकसित कृषि संकल्प अभियान अब जिले में प्रभावी रूप से संचालित होने जा रहा है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में 5 मई से 20 मई तक चलने वाले इस अभियान के तहत किसानों को उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक उपयोग, आधुनिक कृषि तकनीक और विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इस अभियान के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा अलग-अलग विकासखंडों में विशेषज्ञ टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें गांव-गांव जाकर किसानों को खरीफ सीजन की तैयारी के साथ-साथ नवीन कृषि पद्धतियों से अवगत कराएंगी। कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य और पशुपालन विभाग के अधिकारी भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

अभियान के तहत किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

बी पी सिंह प्रदेश प्रवक्ता भाजपा किसान मोर्चा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। विकसित कृषि संकल्प अभियान किसानों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। इससे किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी और वे अधिक उत्पादन के साथ बेहतर आय अर्जित कर सकेंगे। यह सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि गांव स्तर तक इस प्रकार के अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे हर किसान को सीधा लाभ मिलेगा
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के अभियान से प्रदेश के किसान सशक्त होंगे और छत्तीसगढ़ कृषि के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *