प्रधानमंत्री की राष्ट्रहित अपील का पेंशनर्स महासंघ ने किया स्वागत, आगामी 20 मई को विमतारा भवन में होगी विशेष चर्चा, वरिष्ठ नागरिकों से देशहित में योगदान की अपील

रायपुर। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों एवं विश्व में बढ़ते युद्ध जैसे तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से मितव्ययता, स्वदेशी अपनाने तथा राष्ट्रीय संसाधनों के संरक्षण को लेकर दिए गए संदेश का भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश ने स्वागत किया है। महासंघ ने इसे राष्ट्रहित में समयानुकूल, दूरदर्शी एवं प्रेरणादायी पहल बताया है।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे पी मिश्रा, प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी एवं प्रवीण कुमार त्रिवेदी, संगठन मंत्री टी पी सिंह, कोषाध्यक्ष बी एस दसमेर, कार्यालय मंत्री अनिल पाठक रायपुर संभाग अध्यक्ष शैलेन्द्र सिन्हा, रायपुर जिला अध्यक्ष आर जी बोहरे तथा सचिव ओ डी शर्मा आदि ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि प्रधानमंत्री द्वारा डीजल, पेट्रोल एवं गैस के उपयोग में मितव्ययता बरतने, अनावश्यक विदेश यात्राओं पर रोक लगाने, वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने, एक वर्ष तक सोने की खरीदी सीमित रखने तथा स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संदेश देश की आर्थिक मजबूती एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि संकट की घड़ी में देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को समझे और अपने स्तर पर योगदान दे। महासंघ ने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स से अपील की है कि वे परिवार एवं समाज में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और बचत की भावना विकसित करने में अग्रणी भूमिका निभाएं।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार के मार्गदर्शक एवं मुखिया होते हैं। घर में बड़े-बुजुर्गों की बात को सम्मानपूर्वक माना जाता है, इसलिए आज आवश्यकता इस बात की है कि वे नई पीढ़ी को देशहित, स्वदेशी एवं संसाधनों के संरक्षण का संस्कार दें। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश एकजुट होकर राष्ट्रीय हित में छोटे-छोटे त्याग करेगा, तभी भारत हर संकट का मजबूती से सामना कर सकेगा।

नामदेव ने आगे बताया कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की आगामी प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक 20 मई 2026 को विमतारा भवन, शांतिनगर, रायपुर में आयोजित होगी, जिसमें वर्तमान राष्ट्रीय परिस्थितियों, देशहित में नागरिक दायित्व तथा वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका पर विशेष चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *