बिलासपुर, मस्तूरी/ सहारा परिसर मस्तूरी में आज आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मस्तूरी की मासिक बैठक में मस्तूरी के लोकप्रिय विधायक एवं विधानसभा उपसचेतक माननीय श्री दिलीप लहरिया जी, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री महेन्द्र गंगोत्री जी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मस्तूरी के अध्यक्ष श्री भोला राम साहू जी शामिल हुए। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के समन्वय तथा आमजन से सतत संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनता की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों एवं समस्याओं के समाधान हेतु संघर्षरत रही है और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

तत्पश्चात सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जयरामनगर मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास पेट्रोल एवं डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में आयोजित आंदोलन में भाग लेकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आम जनता, किसान, मजदूर एवं मध्यम वर्ग पर बढ़ती महंगाई से पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर चिंता व्यक्त की गई।
नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर दैनिक उपयोग की वस्तुओं एवं परिवहन व्यवस्था पर पड़ रहा है, जिससे हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और जनआवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
जिसमें इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


