पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों को “प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना” में विशेष राहत एवं राज्य सरकार से अतिरिक्त सब्सिडी देने की मांग


रायपुर—- भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव एवं प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी ने भारत सरकार की महत्वाकांक्षी “प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना” के अंतर्गत पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुविधा एवं अतिरिक्त राहत प्रदान किए जाने की मांग करते हुए माननीय केंद्रीय ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना देश में स्वच्छ एवं सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में अत्यंत सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल है। महासंघ ने इस जनहितकारी योजना के लिए भारत सरकार एवं ऊर्जा मंत्रालय का अभिनंदन किया है।
प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव एवं प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी ने कहा कि देश का पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक वर्ग सीमित एवं निश्चित आय पर जीवन-यापन करता है। लगातार बढ़ती महंगाई, स्वास्थ्य व्यय तथा अन्य आवश्यक खर्चों के कारण अधिकांश पेंशनरों के लिए सोलर संयंत्र की प्रारंभिक लागत वहन करना कठिन हो जाता है। परिणामस्वरूप अनेक इच्छुक वरिष्ठ नागरिक इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं।
महासंघ ने पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों के हित में केंद्र सरकार से कई महत्वपूर्ण मांगें की हैं। इनमें पेंशनरों हेतु अतिरिक्त विशेष सब्सिडी, ब्याजमुक्त अथवा रियायती EMI सुविधा, योजना में प्राथमिकता श्रेणी, आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाना, जिला स्तर पर विशेष सहायता केंद्र एवं हेल्पडेस्क स्थापित करना तथा अधिकृत एजेंसियों एवं विक्रेताओं की सूची सार्वजनिक करने जैसी मांगें शामिल हैं।
इसके साथ ही महासंघ ने छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से भी मांग की है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा दी जा रही अतिरिक्त सब्सिडी में पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष अतिरिक्त राहत एवं अलग से अतिरिक्त अनुदान प्रदान किया जाए, ताकि सीमित आय वाले बुजुर्ग एवं पेंशनर भी इस योजना का अधिकाधिक लाभ प्राप्त कर सकें। महासंघ ने कहा कि राज्य सरकार यदि पेंशनरों के लिए अतिरिक्त सब्सिडी की घोषणा करती है तो यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत राहतकारी एवं जनहितकारी कदम होगा।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के संरक्षक अनुराग पाण्डेय, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे पी मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष क्रमशः एन आर साहू, आलोक त्रिवेदी, द्रौपदी यादव, लोचन पांडेय, जे पी शुक्ला, राजेश तिवारी, अब्दुल सत्तार खान, प्रदीप सोनी, महामंत्री अनिल गोल्हानी, प्रदेश संगठन मंत्री टी पी सिंह, अरुण तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों अनिल मिश्रा, सी बी एस तोमर, शिव मिश्रा, सुजाता मुखर्जी, ए के कनेरिया, अवध राम धृतलहरे, राजीव शुक्ला, बी एल नरबरिया, भोजकुमार शर्मा, शरद काले, जी रेणु राव, बी एस दसमेर, अनिल पाठक आदि ने कहा है कि यदि पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों को विशेष राहत प्रदान की जाती है तो इससे उन्हें आर्थिक सहायता मिलने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूती प्राप्त होगी।
महासंघ ने केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग की है कि पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों के हित में इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
ज्ञापन की प्रतिलिपि माननीय प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ तथा मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन को भी प्रेषित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *