कृषक उन्नति योजना के नए स्वरूप से किसानों की आय बढ़ेगी, फसल विविधीकरण को मिलेगा प्रोत्साहन – दिनेश राजपूत


छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद के किसान हितैषी एवं जनकल्याणकारी निर्णयों का भाजपा किसान मोर्चा ने किया स्वागत

तखतपुर /बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा बिलासपुर के जिलाध्यक्ष एवं संगठन मण्डल प्रभारी सकरी दिनेश राजपूत ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों, गरीबों एवं प्रदेश के समग्र विकास के लिए दूरदर्शी एवं ऐतिहासिक फैसले ले रही है।
श्री राजपूत ने कहा कि मंत्रिपरिषद द्वारा खरीफ वर्ष 2026 से कृषक उन्नति योजना के नवीन स्वरूप को मंजूरी देना प्रदेश के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं लाभकारी निर्णय है। राज्य सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा धान पर अत्यधिक निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहन देने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15,000 रुपये की आदान सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना का लाभ एकीकृत किसान पोर्टल, एग्रीस्टैक पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को मिलेगा। इससे प्रदेश में दलहन एवं तिलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को बेहतर बाजार एवं आय प्राप्त होगी तथा कृषि क्षेत्र अधिक आत्मनिर्भर एवं टिकाऊ बनेगा।
श्री राजपूत ने कहा कि यह निर्णय केवल किसानों की आय बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जल संरक्षण, भूमि की उर्वरता बनाए रखने तथा कृषि के वैज्ञानिक प्रबंधन को भी प्रोत्साहित करेगा। इससे प्रदेश में कृषि का संतुलित विकास होगा और किसानों को लंबे समय तक आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने मंत्रिपरिषद द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में चना वितरण की निरंतरता बनाए रखने हेतु लिए गए निर्णय का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम को नेशनल ई-मार्केट (NeML) ई-ऑक्शन प्लेटफॉर्म के माध्यम से न्यूनतम सेवा शुल्क पर चना क्रय करने की अनुमति प्रदान करना एक सराहनीय कदम है। इससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को खाद्य एवं पोषण सुरक्षा योजनाओं का लाभ निरंतर मिलता रहेगा।
भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) को आईपीओ (IPO) के माध्यम से स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध करने की सैद्धांतिक सहमति दिए जाने का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से आम नागरिकों एवं निवेशकों को कंपनी की विकास यात्रा में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा, वहीं कंपनी की वित्तीय क्षमता, पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता में वृद्धि होगी। इससे राज्य के ऊर्जा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी तथा भविष्य में आधारभूत संरचना के विस्तार में सहायता मिलेगी।
श्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार लगातार किसानों, गरीबों, युवाओं एवं आम नागरिकों के हित में ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। सरकार की नीतियाँ प्रदेश के विकास, किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम एवं समस्त मंत्रिपरिषद को इन जनहितैषी एवं किसान कल्याणकारी निर्णयों के लिए बधाई देते हुए प्रदेश के किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *