नाद मंजरी सीजन-3 : दूसरे दिन कला का महासंगम, नागपुर के भरतनाट्यम दल ने जीता प्रथम स्थान, नशा मुक्ति संदेश ने भी जीता दिल

बिलासपुर। चार दिवसीय राष्ट्रीय संगीत एवं नृत्य महोत्सव ‘नाद मंजरी सीजन-3’ के दूसरे दिन कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम कला, संस्कृति और सामाजिक संदेशों का अद्भुत संगम बन गया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 150 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण नागपुर से आई भरतनाट्यम गुरु रितु मैडम के शिष्यों की मनमोहक प्रस्तुति रही। उनकी सटीक ताल, भाव-भंगिमा और अनुशासित नृत्य ने सभी का दिल जीत लिया, जिसके लिए उन्हें प्रतियोगिता में प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में प्रतिभागी निधि ने अपनी दमदार और भावपूर्ण प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने ‘आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस’ करार दिया।

रायपुर से आई शालिनी शर्मा ग्रुप ने रंगारंग फेस्टिवल डांस प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया, जबकि इंदिरा साहू के विद्यार्थियों ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की गरिमा और सौंदर्य का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खूब सराहना बटोरी।

कार्यक्रम का सामाजिक सरोकार भी चर्चा का विषय बना। अरपा वैली स्कूल के बच्चों ने नृत्य और संगीत के साथ-साथ ड्राइंग एवं पेंटिंग के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया। बच्चों की जागरूकता से भरपूर इस प्रस्तुति की थावे विद्यापीठ के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक एवं न्यायमूर्ति डॉ. चंद्रभूषण बाजपेयी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

दूसरे दिन गुरु आलोक पांडे, कोस्टबी ग्रुप तथा राधिका ग्रुप की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को देर तक तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। पूरे दिन ऑडिटोरियम में कला, संस्कृति और भारतीय परंपरा का उत्सव देखने को मिला।

आयोजक पंकज खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। तीसरे दिन भी कई प्रतिष्ठित कलाकारों और प्रतिभागियों की आकर्षक प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित नाद मंजरी सीजन-3 अब केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारतीय कला, संस्कृति और सामाजिक चेतना का ऐसा महाकुंभ बन चुका है, जहां हर प्रस्तुति एक नई प्रेरणा और हर कलाकार एक नई पहचान लेकर मंच से उतर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *