भाजपा बेलतरा पूर्वी एवं पश्चिम मंडल का सांस्कृतिक महोत्सव संपन्न, प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा


बहतराई स्थित भाजपा ग्रामीण जिला कार्यालय में चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, रंगोली, भाषण एवं गीत-संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन, विजेताओं का किया गया सम्मान
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी बेलतरा विधानसभा के पूर्वी एवं पश्चिम मंडल द्वारा बहतराई स्थित भाजपा ग्रामीण जिला कार्यालय में मंडल स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, रंगोली प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता तथा गीत-संगीत जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि उमेश गौरहा, जिला महामंत्री जनक देवांगन एवं एस.के. मनहर उपस्थित रहे। वहीं मंडल महामंत्री सीता ठाकुर, जोन क्रमांक-7 की अध्यक्ष एवं पार्षद रेखा सूर्यवंशी, पूर्वी मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता साहू, पश्चिम मंडल अध्यक्ष सोनम ध्रुव सहित मंडल महामंत्री गीता ठाकुर, रिंकू सिंह, कुंती साहू, दीपिका बंजारे, जूही वर्मा, एकता सिंह, अणिमा तिवारी एवं बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में अनीता तिवारी ने प्रथम तथा जननी ध्रुव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गीत-संगीत प्रतियोगिता में सीता ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रंगोली प्रतियोगिता में एकता सिंह ने पहला स्थान प्राप्त कर अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर प्रदेश, जिला एवं मंडल के पदाधिकारी, वार्ड पार्षद, शक्ति केंद्र प्रभारी, कार्यकारिणी सदस्य, संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष तथा भाजपा महिला मोर्चा की मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रही। आयोजन ने महिलाओं की रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक एकजुटता का प्रभावी परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *