उसलापुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को उसलापुर स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक में विशाल शोभायात्रा का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति एवं नारों से पूरा क्षेत्र आदिवासी गौरव और उत्साह से सराबोर रहा।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा बिलासपुर शहर के जिलाध्यक्ष दिनेश राजपूत “गुरूजी” ने शोभायात्रा में शामिल समाज के सभी आदिवासी भाइयों एवं बहनो का स्वागत करते हुए विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और देश के लिए दिए गए योगदान पर हम सभी को गर्व है।


दिनेश राजपूत “गुरूजी” ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर समाज में जागरूकता और स्वाभिमान की भावना जगाई। उनके विचार और आदर्श आज भी युवा पीढ़ी को राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही सच्चे अर्थों में जनजातीय नायकों के सपनों को साकार करना है।

इस दौरान उसलापुर पार्षद प्रतिनिधि सम्माननीय रिंकू जी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। शोभायात्रा के स्वागत को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

