बिलासपुर। डॉ. विनय कुमार पाठक एवं डॉ. विनोद कुमार वर्मा द्वारा लिखित महत्वपूर्ण कृति ‘छत्तीसगढ़ का संपूर्ण व्याकरण’ के चतुर्थ संस्करण का विमोचन छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा रायपुर के शंकर नगर स्थित उनके आवास पर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने लेखकद्वय को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने ‘छत्तीसगढ़ का संपूर्ण व्याकरण’ को छत्तीसगढ़ी भाषा के अध्ययन एवं संरक्षण की दृष्टि से प्रामाणिक और महत्वपूर्ण कृति बताते हुए सभी छत्तीसगढ़वासियों से इसके संरक्षण, अध्ययन एवं उपयोग की अपील की।
कार्यक्रम में पुस्तक के लेखक डॉ. विनय कुमार पाठक ने डॉ. रमन सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें अपना अमूल्य समय प्रदान करने तथा छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के प्रति उनके समर्पण और निष्ठा के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. रमेशचंद्र श्रीवास्तव, आई.एस.एस. तथा श्री विष्णु कुमार तिवारी, समीक्षक एवं मानस-मर्मज्ञ भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी पुस्तक के चतुर्थ संस्करण के प्रकाशन पर लेखकद्वय को शुभकामनाएँ दीं।
‘छत्तीसगढ़ का संपूर्ण व्याकरण’ का चतुर्थ संस्करण छत्तीसगढ़ी भाषा के व्याकरणिक स्वरूप, अध्ययन एवं उसके संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

