बिलासपुर। देश की सरहदों पर तैनात सिपाहियों के लिए बिलासपुर की माताओं-बहनों का प्यार एक बार फिर सीमा तक पहुंचा।
मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज की बहनों ने “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र संग्रहण 0.4” के तहत लिफाफे में रक्षा सूत्र, एक चुटकी मिट्टी और पत्र हजारों की संख्या में एकत्र कर भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की जिला संगठन आयुक्त डॉ. पूनम सिंह को सौंपे। ये सामग्री आपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र संग्रहण के तहत महेन्द्र प्रताप सिंह राणा जी के माध्यम से अब देश के हर कोने में तैनात जवानों तक पहुंचाई जाएगी।
समाज की अध्यक्ष श्रीमती उषा वर्मा ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” में बेटियों सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह के शौर्य ने हमें प्रेरणा दी। इसी भाव से हमने तय किया कि राखी का धागा सिर्फ भाई की कलाई तक सीमित नहीं रहेगा। देश का हर रक्षक हमारा भाई है, और हर रक्षा सूत्र उसके नाम होगा।
उपाध्यक्ष सीमा कश्यप के साथ ज्योति वर्मा, ओमीषा वर्मा, किरण नायक, माधुरी वर्मा, सरिता नायक, रश्मि वर्मा, मधु वर्मा, रंजना कश्यप, इति बंछोर, पुष्पलता वर्मा सहित दर्जनों बहनों ने चिट्ठी के साथ मिट्टी और तिलक भी भेजे।
डॉ. पूनम सिंह ने समाज की इस पहल को “कर्तव्य और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण” बताया।
उषा वर्मा ने कहा कि पिछले 4 वर्षों से हमारा एक ही संकल्प है – सरहद पर खड़े जवान का मनोबल ऊंचा रखना। जब तक देश सुरक्षित है, तब तक हमारा घर सुरक्षित है।
समाज ने आमजन से भी अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़ें और अपने एक रक्षा सूत्र के साथ एक जवान को अपनापन भेजें।

