
बिलासपुर – संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर ग्रामीण कार्यालय में प्रांतीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव और सेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी 14 मंडलों के लिए संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से प्राप्त पवित्र मिट्टी कलश में रखकर रवाना की गई। इन कलशों का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को समाज में समानता और सद्भाव की भावना को मजबूत करने वाला बताया गया। कलश यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न मंडलों में कलश पहुंचने के बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर गुरु रविदास महाराज के संदेश को आमजन तक पहुंचाने की तैयारी की गई है। इस अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला जी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने लगभग 650 वर्ष पूर्व समाज में समानता और एकरूपता का जो संदेश दिया था, वह आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने समाज में व्यक्ति के मूल्यांकन को जन्म या वर्ण के आधार पर नहीं, बल्कि उसके कर्म और आचरण के आधार पर देखने की प्रेरणा दी। उनके विचारों ने सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने और समतामूलक समाज की स्थापना का मार्ग दिखाया। विधायक शुक्ला जी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज के विचारों से निकला सामाजिक समरसता का बीज आज भी समाज को दिशा दे रहा है। उन्होंने कहा कि समतामूलक समाज की परिकल्पना भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के मूल भावों से जुड़ी हुई है। भाजपा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और सम्मान दिलाते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज का संदेश केवल किसी एक समाज या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों में सामाजिक एकता, सद्भाव, श्रम की प्रतिष्ठा और मानव-मानव के बीच समानता का भाव दिखाई देता है। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर व्यवहार और सामाजिक जीवन में भी उतारा जाए। कार्यशाला में जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल जी ने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी भाईचारा और सद्भाव बढ़ाने का कार्य करेंगे। गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से लाई गई मिट्टी को कलश में लेकर मंडलों तक पहुंचाना इसी भावना का प्रतीक है। इससे लोगों को संत रविदास के जीवन, संघर्ष और उनके सामाजिक संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने सामाजिक समरसता, सद्भाव और सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। समरसता अभियान में मौजूद पदाधिकारियों ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए मंडल स्तर पर व्यापक जनसंपर्क और कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। भाजपा जिला बिलासपुर ग्रामीण के अंतर्गत कोटा, रतनपुर, बेलगहना, करगीकला, बेलतरा उत्तर, बेलतरा दक्षिण, बेलतरा पूर्व, बेलतरा पश्चिम, सीपत, देवरीखुर्द, मस्तूरी, जयरामनगर, लोहर्सी और मल्हार सहित 14 मंडलों में कलश पहुंचाए जाएंगे। प्रत्येक मंडल में कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों द्वारा कलश का स्वागत किया जाएगा तथा संत रविदास महाराज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला का वातावरण पूरे समय उत्साहपूर्ण और आध्यात्मिक रहा। मंच पर संत रविदास महाराज के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं ने ‘समरसता-सद्भाव-सेवा’ के संकल्प को दोहराया। आयोजन के माध्यम से भाजपा ने सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने तथा संत रविदास महाराज के समतामूलक समाज के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का संकल्प लिया।
वही इस
कार्यशाला में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला जी, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण मोहित जायसवाल जी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी जी,
जिला महामंत्री एस कुमार मनहर जी, महामंत्री जनकराम देवांगन जी, कार्यक्रम के जिला संयोजक प्रणव शर्मा जी, रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप जी, अनुसूचित जाति प्रदेश महामंत्री प्रकाश सूर्या, जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र अग्रहरि जिला मंत्री राजकुमार साहू जी, जिला मंत्री कुंती मेहर जी , जिला मंत्री धरम शीला जी, वार्ड पार्षद तिलक साहू , रतनपुर गिरजाबंद मंदिर के पुजारी तारकेश्वर पूरी जी महाराज, पुरुषोत्तम जी महाराज,सहित पार्टी के 14 मंडल अध्यक्ष महामंत्री एवं जिले और मंडल के पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, सह प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

