महिला एवं परिवार पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण के लिए करेंगी प्रभावी पहल
रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय एवं राजधानी रायपुर की अनेक स्वयंसेवी संस्थाओं से सेवा भाव के साथ जुड़कर कार्य कर रहीं डॉ. श्रीमती शेषा सक्सेना, गृह विभाग से सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक, राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला, रायपुर को महासंघ के महिला पेंशनर कल्याण प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है।
डॉ. शेषा सक्सेना की नियुक्ति को प्रदेश में महिला पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों के हितों और समस्याओं को संगठित एवं प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वे अपने प्रशासनिक अनुभव एवं सामाजिक सेवा के अनुभव का उपयोग करते हुए महिला पेंशनरों से जुड़े विभिन्न विषयों को शासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष प्रमुखता से रखने का कार्य करेंगी।
उनकी नियुक्ति पर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी यादव तथा राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य श्रीमती कुंती राणा, सुश्री सुजाता मुखर्जी, वंदना दत्ता, असीमा कुंडु, श्रीमती जी. रेनुराव, श्री मति सी.एम. सिन्हा, श्रीमती रेखा श्रीवास्तव, श्रीमती उर्मिला शुक्ला, श्रीमती सरिता गुप्ता, श्रीमती सुषमा नामदेव, श्रीमती सरिता सिंह, वहीदा निशा, श्रीमती वंदना मिश्रा, श्रीमती लता चावड़ा एवं कलावती पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. शेषा सक्सेना के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में महिला पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों की समस्याओं की पहचान, उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों से समन्वय तथा आवश्यक मामलों में शासन स्तर पर त्वरित कार्यवाही के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ महिला पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों के हितों को लेकर गंभीरता से कार्य कर रहा है। महिला पेंशनर कल्याण प्रकोष्ठ के गठन एवं डॉ. शेषा सक्सेना की नियुक्ति से इस दिशा में संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।
